जामताड़ा। झारखंड में जनवितरण प्रणाली के तहत जारी राशन कार्ड में जाति अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यह व्यवस्था राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के कारण लागू की गई है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
विभाग के निर्देश के अनुसार, एसआईआर के नोटिस चरण में प्राप्त दावों और आपत्तियों के सत्यापन की कार्रवाई अभी चल रही है। इस काम के लिए उपायुक्तों ने अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
इसी दौरान बड़ी संख्या में राशन कार्ड लाभुक जाति अपडेट कराने के लिए आवश्यक जाति प्रमाणपत्र बनवाने को प्रखंड और अंचल कार्यालयों में आवेदन दे रहे हैं। इन कार्यालयों के कर्मचारियों के निर्वाचन कार्य में लगे होने के कारण आवेदनों के निष्पादन में कठिनाई सामने आ रही है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने राशन कार्ड में जाति संबंधी विवरण बदलने की कार्रवाई रोकने का निर्णय लिया है। यह रोक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख तक प्रभावी रहेगी। इसके बाद प्रक्रिया के संबंध में विभागीय व्यवस्था के अनुसार आगे की कार्रवाई हो सकेगी।
राशन कार्ड में जाति अपडेट के विषय में विभाग पहले भी निर्देश जारी कर चुका है। ताजा आदेश मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से प्राप्त पत्र के आलोक में दिया गया है। विभाग के उप सचिव राम कृष्ण कुमार की ओर से भेजे गए निर्देश में सभी जिलों के आपूर्ति पदाधिकारियों को मौजूदा रोक का पालन कराने को कहा गया है।
इस फैसले का सीधा असर उन लाभुकों पर पड़ेगा जो राशन कार्ड में जाति का विवरण दर्ज या संशोधित कराने की प्रक्रिया में हैं। फिलहाल उन्हें एसआईआर और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करना होगा। आदेश राशन कार्ड की जाति अपडेट प्रक्रिया से संबंधित है।