लोहरदगा जिले के टाटी कुड़ू स्थित संत विनोबा भावे खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय इनामी फुटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। फाइनल मुकाबले में बानापीरी फुटबॉल क्लब ने कच्छप ब्रदर्स रांची को हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित खेल के दौरान बानापीरी की टीम ने कच्छप ब्रदर्स को रोके रखा। नतीजे के लिए बाद में ट्राइब्रेकर का सहारा लिया गया, जिसमें बानापीरी फुटबॉल क्लब दो गोल से विजयी रहा।
प्रतियोगिता में न्यू स्टार हुदहुद की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि टोप्पो ब्रदर्स टाकू चौथे स्थान पर रही। समापन अवसर पर विजेता टीम को इनामी राशि का चेक दिया गया। आयोजन समिति ने मैदान पहुंचे अतिथियों का स्वागत भी किया।
फाइनल में लोहरदगा के उपायुक्त संदीप कुमार मीणा मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुकाबले की शुरुआत से पहले दोनों अधिकारियों ने फाइनल में पहुंची टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों को खेल पर ध्यान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि लोहरदगा के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है। उनके अनुसार खेल से शारीरिक और मानसिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास बढ़ता है तथा इस क्षेत्र में रोजगार की भी संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन के प्रयास जारी रहने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक ने खेल को आपसी रिश्ते, विश्वास, प्रेम और सौहार्द बढ़ाने वाला माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि लोहरदगा की पहचान अभी बॉक्साइट नगरी के रूप में होती है, लेकिन स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखते हुए भविष्य में जिले को खेल नगरी के रूप में भी पहचान मिल सकती है। समापन कार्यक्रम में आयोजन समिति से जुड़े सदस्य और अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।