कोडरमा जिले में झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्य शबनम परवीन ने सोमवार को स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और जन वितरण प्रणाली की दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला, जामू, मरकच्चो और आंगनबाड़ी केंद्र जामू की व्यवस्थाओं की जांच की गई। इन केंद्रों पर बच्चों के लिए खाना रसोई गैस से तैयार किया जा रहा था। जांच में बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन और अंडा दिए जाने की भी पुष्टि हुई।
प्रभारी अध्यक्ष ने जिले की पीडीएस दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान लाभुकों ने उन्हें पूरा राशन मिलने की जानकारी दी। हालांकि, कुछ दुकानों के सूचना पट्ट पर उपलब्ध स्टॉक का विवरण दर्ज नहीं मिला। इस पर संबंधित दुकानदारों को सूचना पट्ट पर स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित करने को कहा गया।
दुकानदारों को सूचना पट्ट पर राज्य खाद्य आयोग का व्हाट्सएप नंबर भी अंकित करने का निर्देश मिला। इसका उद्देश्य राशन वितरण से जुड़ी जानकारी को स्पष्ट रखना और लाभुकों के लिए शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाना है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी को लंबित शिकायतों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और निगरानी समिति की नियमित बैठक कराने का निर्देश दिया गया। पात्र लाभुकों के नाम राशन कार्ड में जोड़ने तथा अयोग्य और मृत व्यक्तियों के नाम सूची से हटाने की कार्रवाई करने को भी कहा गया।
इसके साथ ही जिले की सभी पंचायतों में आकस्मिक खाद्यान्न कोष के तहत 10 हजार रुपये की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।