कोल इंडिया ने विभिन्न विभागों और अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत 187 से अधिक अधिकारियों को मुख्य प्रबंधक से महाप्रबंधक पद पर पदोन्नति दी है। मंगलवार को मानव संसाधन एवं अधिकारी स्थापना के महाप्रबंधक संजीव कुमार भारद्वाज के हस्ताक्षर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, पदोन्नत अधिकारियों को 1,20,000 से 2,80,000 रुपये के वेतनमान में रखा गया है। सूची में कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों से अधिकारियों के नाम शामिल हैं। अलग-अलग तकनीकी और प्रशासनिक विभागों को भी पदोन्नति प्रक्रिया में प्रतिनिधित्व मिला है।
माइनिंग विभाग से सर्वाधिक 100 अधिकारी महाप्रबंधक बनाए गए हैं। एक्सकैवेशन विभाग के 30 अधिकारियों को पदोन्नति मिली है। इसके अलावा फाइनेंस से 16 और मानव संसाधन विभाग से 14 अधिकारी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। विधि, ई एंड एम, ई एंड टी तथा पर्यावरण विभागों के अधिकारी भी सूची में हैं।
धनबाद स्थित बीसीसीएल के मानव संसाधन विभाग से सुरेंद्र भूषण और डॉ. कुमार शरत सिन्हा महाप्रबंधक बने हैं। ई एंड एम विभाग के अशोक कुमार विद्यार्थी और एक्सकैवेशन विभाग के तापस कर्मकार को भी पदोन्नति दी गई है।
बीसीसीएल के माइनिंग विभाग से ब्रजेश कुमार पंत, दीपक कुमार सिंह, शरत कुमार बेहरा, मणिकांत पांडेय, प्रवीण कुमार, त्रिभुवन सिंह चौहान, काजल सरकार और सुनील कुमार पांजा के नाम पदोन्नत अधिकारियों में शामिल हैं। आदेश में विभागवार सूची के साथ नई पद जिम्मेदारी और स्वीकृत वेतनमान का उल्लेख किया गया है।