रांची में खेलो झारखंड 2026-27 के तहत आयोजित अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हो गई। कबड्डी के मुकाबले खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम और खो-खो के मैच अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में खेले गए। चारों वर्गों में से तीन के खिताब रांची ने जीते, जबकि एक वर्ग में गढ़वा विजेता रहा।
कबड्डी के बालक वर्ग में रांची ने पहला स्थान हासिल किया। हजारीबाग की टीम उपविजेता बनी और चतरा तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग का खिताब गढ़वा ने जीता। इस वर्ग में रांची को दूसरा और चतरा को तीसरा स्थान मिला।
खो-खो के दोनों वर्गों में रांची की टीमें विजेता रहीं। बालिका वर्ग में हजारीबाग दूसरे और रामगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में कोडरमा ने उपविजेता का स्थान हासिल किया, जबकि देवघर की टीम तीसरे पायदान पर रही।
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए। कबड्डी बालिका वर्ग में चांदनी कुमारी सर्वश्रेष्ठ रेडर, आकांक्षा कुमारी कैचर और लक्ष्मी कुमारी ऑलराउंडर चुनी गईं। बालक वर्ग में रोहित कुमार को सर्वश्रेष्ठ रेडर, राहुल मुंडा को कैचर और अभ्यास कुमार को ऑलराउंडर का सम्मान मिला।
खो-खो बालिका वर्ग में कोमल कुमारी, पूर्वांशी कुमारी और रोशनी लकड़ा को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, चेजर और डिफेंडर चुना गया। बालक वर्ग में अमन कार्तिक राजोले, रोशन कुमार और नीलकंठ मंडल को इन्हीं श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया।
समापन समारोह में स्पेशल ब्रांच मुख्यालय के डीआईजी नौशाद आलम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने राष्ट्रीय स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से कमियों की पहचान कर बेहतर तैयारी करने को कहा। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग और राज्य कबड्डी तथा खो-खो संघों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।