गढ़वा जिले में पुलिस की गश्ती और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 29 नई मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। मंगलवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को जिले के विभिन्न थानों और ओपी के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही गढ़वा पुलिस के पास उपलब्ध मोटरसाइकिलों की कुल संख्या बढ़कर 88 हो गई है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर नई बाइक को रवाना किया। वाहनों का वितरण इस उद्देश्य से किया गया है कि पुलिसकर्मी शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में नियमित गश्ती अधिक सुगमता से कर सकें।
मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल से खास तौर पर संकरी सड़कों, गलियों और ग्रामीण इलाकों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। किसी घटना की सूचना आने पर पुलिसकर्मी कम समय में मौके पर पहुंच सकेंगे। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई में भी ये वाहन उपयोगी होंगे।
नई बाइक मिलने से अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों तक पुलिस सहायता पहुंचाने की क्षमता बढ़ने की संभावना है। जिले के अलग-अलग हिस्सों में गश्ती की मौजूदगी बढ़ने से असामाजिक गतिविधियों की निगरानी करने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
वाहन वितरण कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय यशोधरा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिल्लू लोहरा, गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी और पुलिस निरीक्षक सह सीसीआर प्रभारी संतोष कुमार उपस्थित थे। परिचारी प्रवर संदीप कुमार, परिचारी उपस्कर पंकज कुमार भारती, परिवहन शाखा के सतपाल सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।