गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड की गलवाती पंचायत स्थित बसगी मैदान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार देर शाम समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में गिरिडीह की टीम ने कोडरमा जिले की पहाड़पुर टीम को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। युवा क्लब गलवाती ने इस प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
मैच की शुरुआत अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और फीता काटने के बाद कराई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। फाइनल के लिए निर्धारित 35-35 मिनट के खेल में दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन तय समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
बराबरी की स्थिति को देखते हुए आयोजन समिति ने मुकाबले में 10 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा। अतिरिक्त समय के अंतिम क्षणों में गिरिडीह के एक खिलाड़ी ने निर्णायक गोल कर दिया। इस गोल के साथ गिरिडीह ने 1-0 की बढ़त हासिल की, जो मैच समाप्त होने तक कायम रही।
खिताब जीतने वाली गिरिडीह की टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता पहाड़पुर की टीम को 61 हजार रुपये और ट्रॉफी मिली। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को मेडल देकर भी सम्मानित किया गया। फाइनल देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे।
समापन समारोह में पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, 20 सूत्री अध्यक्ष शफीक अंसारी, जिला परिषद सदस्य पिंकी भारती और स्थानीय मुखिया मुजाहिद अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा दिखाने के लिए ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया। टूर्नामेंट के संचालन में क्लब अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, सचिव मोहम्मद हारून राशिद, व्यवस्थापक मोहम्मद फिरोज आलम, उद्घोषक मुकेश मानवेंद्र और मोहम्मद हंजला समेत क्लब के अन्य सदस्यों ने भूमिका निभाई।