गुमला के पीएई स्टेडियम में आयोजित 37वीं प्रांतीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, बसिया के विद्यार्थियों ने कुल 33 पदक जीते। चार दिवसीय प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों को आठ स्वर्ण, 17 रजत और आठ कांस्य पदक मिले।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दौड़, रिले, लंबी कूद, ऊंची कूद और थ्रो स्पर्धाओं में भाग लिया। ओवरऑल चैंपियनशिप के बाल, किशोर और तरुण—तीनों वर्गों में विद्यालय ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आयोजन विद्या विकास समिति झारखंड के तत्वावधान में हुआ।
स्वर्ण पदक जीतने वालों में चक्का फेंक के अमरजीत उरांव, लंबी कूद के मुकेश उरांव और 1500 मीटर दौड़ के शनि उरांव शामिल रहे। अंकित उरांव ने चार गुणा 100 मीटर रिले और ऊंची कूद में पहला स्थान पाया। कमलेश उरांव ने 200 मीटर दौड़ तथा सुनील मुंडा ने छह किलोमीटर क्रॉस कंट्री में प्रथम स्थान हासिल किया।
रजत पदकों में भी विद्यालय के विद्यार्थियों की भागीदारी कई स्पर्धाओं में रही। बिपिन उरांव ने बाल वर्ग की 600 मीटर दौड़ और दीपांशु उरांव ने ऊंची कूद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंकित उरांव 3000 मीटर दौड़, मुकेश उरांव 100 मीटर दौड़ और रोहित उरांव भाला फेंक में दूसरे स्थान पर रहे।
धीरज मुंडा ने 400 मीटर दौड़ और 110 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीते। शनि उरांव ने 400 मीटर बाधा दौड़ तथा 800 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान पाया। सुनील मुंडा को 800 और 1500 मीटर दौड़ में रजत मिला, जबकि तरुण वर्ग में साहिल मुंडा ने 400 मीटर और कमलेश उरांव ने भाला फेंक में दूसरा स्थान हासिल किया।
कांस्य पदक पाने वालों में ऊंची कूद के मुकेश उरांव, त्रिकूद के धीरज मुंडा और साहिल मुंडा, 200 मीटर दौड़ के अंकित उरांव तथा 3000 मीटर दौड़ के रोशन उरांव शामिल रहे। कमलेश उरांव ने लंबी कूद, रोशन मुंडा ने गोला फेंक और रोशन उरांव ने तार गोला फेंक में तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।