गोड्डा जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 के संचालन के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा में कुल 17,557 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों की समीक्षा के लिए डीआरडीए सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक हुई।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में कक्षा छह से आठ के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच के प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है।
जिले के 23 केंद्रों में से 19 गोड्डा अनुमंडल और चार महागामा अनुमंडल में हैं। गोड्डा अनुमंडल के केंद्रों पर 13,618 तथा महागामा अनुमंडल में 3,939 परीक्षार्थी शामिल होंगे। गोड्डा, पोड़ैयाहाट और महागामा क्षेत्र के विद्यालयों व महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और निर्धारित सीट योजना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रखने को कहा गया है। जहां कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, वहां परीक्षा से पहले उनका प्रबंध करने तथा प्रवेश और निकास को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए केंद्रों पर दंडाधिकारी तथा पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। उड़नदस्ता और पेट्रोलिंग दलों को लगातार केंद्रों का निरीक्षण करने को कहा गया है। किसी अनियमितता की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया।
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने या इस्तेमाल करने पर रोक रहेगी। केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। कदाचार या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।