गोड्डा के स्थानीय वृद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज रमेश कुमार और सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। उन्हें कानूनी जानकारी वाली पर्चियां भी वितरित की गईं।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गठित टीम के सदस्य और चीफ एलएडीसी संजय सहाय ने नालसा की वरिष्ठ नागरिकों के लिए कानूनी सेवाएं योजना, 2016 की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकार और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत बुजुर्गों को उनके बुनियादी अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया जाता है। पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ राष्ट्रीय, राज्य, जिला और तालुका स्तर पर मुफ्त कानूनी सहायता तथा वकीलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रावधान है।
वरिष्ठ नागरिक ट्रिब्यूनल, अपीलीय ट्रिब्यूनल और वृद्धाश्रमों में विशेष कानूनी सेवा क्लीनिक स्थापित करने की व्यवस्था की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि पैरा-लीगल वॉलंटियर रुकी हुई पेंशन शुरू कराने तथा आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र और आयु प्रमाणपत्र जैसे जरूरी दस्तावेज बनवाने में बुजुर्गों और विधवाओं की सहायता कर सकते हैं।
अधिकार मित्र नवीन कुमार, अविनाश सिन्हा, धनंजय कुमार और राकेश कुमार ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे। समाजसेवी सद्दाम और वृद्धाश्रम के संचालन से जुड़े अमित कुमार ने आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिकों के स्वागत गान से हुई और उन्होंने भजन भी प्रस्तुत किए।