चाईबासा के बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में बुधवार को सातवीं अविरल मेमोरियल अंतर विद्यालय जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। मंगलवार को हुए मैचों के बाद चाईबासा और चक्रधरपुर के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बालक और बालिका वर्ग की एकल तथा युगल स्पर्धाओं के निर्णायक दौर में जगह बनाई है।
बालक एकल में अंडर-11 वर्ग का फाइनल जिला स्कूल, चाईबासा के भावेश नायक और मधुसूदन विद्यालय, चक्रधरपुर के अभिजीत पिंगुवा के बीच होगा। अंडर-13 में शुभम हेंब्रम के सामने अमरदीप पूर्ति होंगे। अंडर-15 में साहिल नायक और अमन देवगम, जबकि अंडर-17 में अमन देवगम और आदित्य बारी खिताब के लिए खेलेंगे।
बालक युगल के अंडर-11 फाइनल में अभिजीत पिंगुवा-मयंक कुमार नंदा की जोड़ी किसना बिरहोर-नेल्सन पूर्ति से भिड़ेगी। अंडर-13 में अमरदीप पूर्ति-अभिजीत पिंगुवा का सामना नवनीत प्रधान-साहिल सामड से होगा। अंडर-15 में साहिल नायक-अमरदीप पूर्ति के सामने वेदांश सतपति-उत्कर्ष हांसदा और अंडर-17 में जोतिन बिरुवा-संजय देवगम के सामने कबीर हेंब्रम-उत्कर्ष हांसदा की जोड़ी होगी।
बालिका एकल के अंडर-11 निर्णायक मुकाबले में अनन्या सिंकु और जस्मिता लेयांगी खेलेंगी। अंडर-13 में मंजीता बिरुआ का सामना अनुष्ठा बिरुआ से होगा। अंडर-15 में मंजीता बिरुआ और हीरा किरण सुंडी, जबकि अंडर-17 में सुभानी बारी और शीशम देवगम आमने-सामने होंगी।
बालिका युगल के अंडर-13 फाइनल में अनुष्ठा बिरुआ-अनन्या सिंकु की जोड़ी जस्मिता लेयांगी-अहाना मूर्मू से खेलेगी। अंडर-17 में शीशम देवगम-सुभानी बारी का मुकाबला अनु बानरा-अनुष्का बिरुआ की जोड़ी से निर्धारित है। प्रतियोगिता में कई खिलाड़ियों ने एकल के साथ युगल स्पर्धा के फाइनल में भी स्थान बनाया है।
इस अंतर विद्यालय प्रतियोगिता को मधुसूदन विद्यालय, आसनतलिया, चक्रधरपुर और डासीए मेमोरियल ट्रस्ट ने प्रायोजित किया है। फाइनल कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।