धनबाद में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पूजा पंडालों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने की योजना है। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे।
समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में सितंबर की अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले की कानून-व्यवस्था, आपराधिक मामलों की जांच, यातायात नियंत्रण और दुर्गा पूजा की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब तथा विभिन्न पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि सितंबर में जिले में 411 आपराधिक मामले दर्ज हुए, जबकि इसी अवधि में 474 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके बाद लंबित मामलों की संख्या 1,634 रह गई है। एसएसपी ने दिसंबर तक इसे 1,500 से नीचे लाने का लक्ष्य देते हुए जांच में आने वाली बाधाएं दूर करने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर समय से कार्रवाई पूरी करने को कहा।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा में जानकारी दी गई कि सितंबर में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 68 लाख 35 हजार रुपये का चालान वसूला गया। पुलिस अधिकारियों को प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ाने तथा नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
चोरी और गृहभेदन की घटनाएं रोकने के लिए आवासीय क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर रात की गश्त अधिक प्रभावी बनाने की बात कही गई। गश्ती दलों की सक्रियता और नियमित पेट्रोलिंग की निगरानी करने को भी कहा गया है। इसके साथ बैंक, एटीएम और आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध की समीक्षा के दौरान जिले में सक्रिय संदिग्धों और संभावित ठिकानों की जानकारी के आधार पर चिह्नित हॉटस्पॉट तथा संगठित नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी पर चर्चा हुई। अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहचान और जांच आगे बढ़ाने को कहा गया। पुलिस की तैयारियों में पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन के साथ सामान्य अपराध नियंत्रण को भी प्राथमिकता दी गई है।