धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित हाथबाड़ी में बुधवार को पुलिस की विशेष टीम और सागर सिंह उर्फ शिबू के बीच कथित मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, विशेष टीम को सागर के हाथबाड़ी स्थित एक आवास में मौजूद होने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम छापेमारी करने पहुंची। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान सागर ने टीम पर गोली चलाते हुए भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
निरसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लीलेश्वर महतो के मुताबिक, सागर की ओर से तीन गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने जवाब में चार से पांच राउंड फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सागर के पैर में लगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस सागर के पास हथियार पहुंचने और हाथबाड़ी में उसकी मौजूदगी के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि वह धनबाद में किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा था। यह दावा अभी जांच के दायरे में है। उसके अन्य संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले से जुड़ा बताया गया है। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान भी सामने आया था और उसे उस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
हालांकि, अगस्त 2025 में धनबाद की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने नीरज सिंह हत्याकांड में साक्ष्यों के अभाव में सागर सिंह समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया था। हाथबाड़ी की ताजा घटना अलग मामला है और पुलिस गोलीबारी की परिस्थितियों, बरामदगी तथा अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।