धनबाद से दिल्ली, बेंगलुरु और दूसरे शहरों के लिए सीधी ट्रेन की मांग पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने अतिरिक्त रेल लाइनों की उपलब्धता को जरूरी बताया है। धनबाद के अपने पहले दौरे में उन्होंने कहा कि मौजूदा ट्रैक का शत-प्रतिशत उपयोग हो रहा है। तीसरी और चौथी लाइन बिछने के साथ नई सेवाएं शुरू करने की संभावना बनेगी।
महाप्रबंधक के मुताबिक यात्रियों से मिलने वाले सुझावों और नई ट्रेनों की मांगों का परीक्षण किया जाता है। इसके बाद इन्हें आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाता है। उन्होंने किसी नई सीधी ट्रेन की शुरुआत की निश्चित तारीख नहीं बताई, लेकिन स्पष्ट किया कि अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होने के क्रम में नई ट्रेनें चलाई जा सकेंगी।
डिंपी गर्ग ने धनबाद रेल मंडल में चल रहे आधारभूत ढांचे और यात्री सुविधाओं के कामों की भी जानकारी दी। उनके अनुसार ट्रैक, यार्ड और स्टेशन भवन से जुड़े कार्य चरणबद्ध ढंग से किए जा रहे हैं। फुट ओवरब्रिज के निर्माण तथा प्लेटफॉर्म पर शेड के विस्तार जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
त्योहारी मौसम की भीड़ को लेकर महाप्रबंधक ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कई विशेष ट्रेनों के फेरों का भी विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने धनबाद से पाथरडीह तक विंडो निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानखंता से पाथरडीह के बीच चल रही ट्रैक दोहरीकरण परियोजना की स्थिति देखी और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। पाथरडीह यार्ड के दोनों शेड तथा स्टेशन पुनर्विकास योजना का भी निरीक्षण किया गया।
इसके अलावा सिंदरी मार्शलिंग यार्ड और सिंदरी टाउन स्टेशन का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने नवीनीकृत रेलवे स्टेडियम और खेल छात्रावास का उद्घाटन भी किया। छात्रावास में चार कमरे, भोजन के लिए स्थान और मनोरंजन कक्ष बनाए गए हैं। निरीक्षण के समय जोनल मुख्यालय और धनबाद मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।