पलामू जिले के पांच प्रखंडों में ग्रामीण सड़क संपर्क बेहतर करने के लिए 127.48 किलोमीटर सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इन परियोजनाओं पर कुल 100.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वीकृत योजनाओं में बिश्रामपुर, हुसैनाबाद, चैनपुर, छतरपुर और मनातू प्रखंड की सड़कें शामिल हैं।
चैनपुर प्रखंड में कई संपर्क मार्ग बनाए जाने हैं। इनमें काचन से तीन कोनिया तक 6.04 किलोमीटर, मिशन स्कूल चौक से बेड़मा मस्जिद चौक तक 5.10 किलोमीटर और इस्लाम मोड़ से धमनवा मुख्य सड़क तक 7.50 किलोमीटर की सड़क शामिल है। बहेरा कला बाजार से बेनीडीह कबरा बथान पुल तथा कुंडपानी से सरहुआ वाया बेली रोड तक भी निर्माण स्वीकृत किया गया है।
छतरपुर प्रखंड में छह सड़क योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इनमें मदनपुर आरईओ रोड पिंडराही से आहरी पड़रिया टोला तक 6.01 किलोमीटर और अरर दुपटिया से ठेकी वाया आरा रोड तक 6.50 किलोमीटर सड़क प्रमुख हैं। एनएच-98 कुरौली रोड से कुरौली पड़रिया टोला, डुनडुर तारडिह से डुनडुर रोड और लेबार मोड़ से टुकतुका रोड तक भी सड़कें बनेंगी।
मनातू में चार योजनाओं के तहत 27.35 किलोमीटर सड़क निर्माण पर करीब 21.11 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं। इनमें मितार से जसपुर-चिरी खुर्द सड़क तक 11.40 किलोमीटर और जसपुर से सिंगटूटा कुसहा तक 9.30 किलोमीटर मार्ग शामिल हैं। नागद से दलदलिया तथा मुक्ता से रेनगई वाया होइयो तक भी नई सड़कें प्रस्तावित हैं।
बिश्रामपुर प्रखंड की चार सड़क योजनाओं पर करीब 13.16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सोहदाग खुर्द से कुंभी कला, इटको पंचायत सचिवालय से सिंजो, कुंभी खुर्द मोड़ से ठेकी और पांडू पतलबंधवा से बारवाही वाया मच्छवा डामर तक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। हुसैनाबाद में लापसेरा से प्रतापपुर परहिया टोला वाया जिदियाही तक 5.01 किलोमीटर सड़क के लिए 420.69 लाख रुपये स्वीकृत हैं।
ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से भेजी गई इन योजनाओं को स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर संवेदकों को काम आवंटित कर दिया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार पूजा के बाद निर्माण शुरू होगा। परियोजनाएं पूरी होने पर संबंधित गांवों और टोलों के निवासियों के लिए मुख्य सड़कों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।