बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र में तेनुघाट मुख्य पथ पर टेना झील के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो लोग भी घायल हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने तीनों घायलों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान झिरके गांव निवासी 45 वर्षीय शिक्षक गणेश महतो के रूप में हुई है। वह छत्रु राम महतो चौक पर अपनी पत्नी और बेटे को रांची जाने वाली गाड़ी में बैठाने के बाद तेनु रोड स्थित अपने आवास की ओर लौट रहे थे।
बताया गया कि आवास की ओर मुड़ने के लिए गणेश महतो ने अपनी मोटरसाइकिल मोड़ी। इसी दौरान तेनु रोड के एक पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर पेटरवार की ओर आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। उस बाइक को ओरदाना पंचायत के बंगा गांव निवासी अशोक करमाली चला रहे थे और घनश्याम करमाली पीछे बैठे थे।
टक्कर के बाद गणेश महतो, अशोक करमाली और घनश्याम करमाली घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने सहायता करते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन राज ने घायलों की जांच और प्राथमिक उपचार किया।
गणेश महतो और अशोक करमाली के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने की जानकारी दी गई है। दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, घनश्याम करमाली को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गणेश महतो को आगे के उपचार के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। शिक्षक की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।