बोकारो पुलिस में बड़ा फेरबदल, 24 अधिकारियों का स्थानांतरण; कई थानों को नए प्रभारी

बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने 24 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर नई तैनाती पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

2 मिनट पढ़ें 3 बार पढ़ी गई
बोकारो जिले में 24 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण से जुड़ी प्रतीकात्मक तस्वीर

बोकारो जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से 24 अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने को कहा गया है। बदलाव में कई थानों, अंचलों और ओपी के प्रभारी शामिल हैं।

पुलिस केंद्र में तैनात इंस्पेक्टर नित्यानंद महतो को बेरमो थाना प्रभारी बनाया गया है। बेरमो के प्रभारी रोहित कुमार सिंह को बीटीपीएस थाना भेजा गया है। सेक्टर चार थाना प्रभारी संजय कुमार अब माराफारी थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि पुलिस केंद्र की इंस्पेक्टर ममता कुमारी को बीएस सिटी थाना प्रभारी बनाया गया है।

इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार को सेक्टर छह और यातायात शाखा के इंस्पेक्टर नितीश कुमार को सेक्टर चार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। बीएस सिटी के प्रभारी सुदामा कुमार दास को सेक्टर-12 थाना भेजा गया है। साइबर थाना के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को बेरमो अंचल तथा सेक्टर-12 के प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह को चास मुफस्सिल अंचल में पदस्थापित किया गया है।

साइबर थाना के इंस्पेक्टर अनिल कच्छप को गोमिया अंचल और सेक्टर छह की प्रभारी संगीता को चंदनकियारी अंचल में इंस्पेक्टर बनाया गया है। पुलिस केंद्र की इंस्पेक्टर सुषमा कुमारी को यातायात थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। बीटीपीएस के प्रभारी पिंकू कुमार यादव और माराफारी के प्रभारी मोहम्मद आजाद खां को साइबर थाना भेजा गया है।

निचले स्तर पर भी कई जिम्मेदारियां बदली गई हैं। दुगदा थाना प्रभारी मनीष कुमार को बोकारो झरिया ओपी का प्रभार मिला है, जबकि हरला थाना के दारोगा अमित कुमार दुगदा थाना संभालेंगे। राहुल कुमार राम को कथारा ओपी और श्रीनिवास कुमार सिंह को चंद्रपुरा थाना प्रभारी बनाया गया है। अमरजीत कुमार सिंह को अमलाबाद तथा आवेंद्र कुमार साव को भोजूडीह ओपी की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा उदय शंकर शर्मा को बनगड़िया ओपी, अनिल लिंडा को नावाडीह थाना और मुकेश दयाल सिंह को पेंक-नारायणपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। शशिकांत ठाकुर को मकौली टीओपी का प्रभार सौंपा गया है। आदेश के बाद जिले के शहरी, औद्योगिक और बेरमो क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण पुलिस पदों पर नई तैनाती प्रभावी होगी।