रांची में चल रही नेशनल ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप में रविवार को सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की कई स्पर्धाएं हुईं। पुरुष एलीट इंडिविजुअल परस्यूट में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के विश्वजीत सिंह और महिला एलीट वर्ग में राजस्थान की हर्षिता जाखड़ ने स्वर्ण पदक हासिल किया। जूनियर पुरुष कीरिन में झारखंड के अर्जुन कुमार 11वें स्थान पर रहे।
चार किलोमीटर पुरुष एलीट इंडिविजुअल परस्यूट में विश्वजीत ने 4 मिनट 46.357 सेकेंड का समय निकाला। इसी बोर्ड के नीरज कुमार 4 मिनट 47.000 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। राजस्थान के महादेव सारण ने 4 मिनट 47.283 सेकेंड में दूरी पूरी कर कांस्य पदक जीता। तीनों पदक विजेताओं के समय में एक सेकेंड से भी कम का अंतर रहा।
महिला एलीट की चार किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट में हर्षिता ने 5 मिनट 25.700 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। ओडिशा की स्वास्ति सिंह ने 5 मिनट 26.009 सेकेंड के साथ रजत और महाराष्ट्र की पूजा डानोले ने 5 मिनट 28.620 सेकेंड के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
जूनियर पुरुष कीरिन स्पर्धा का स्वर्ण तेलंगाना के रघुकुला थानिश्क कुमार ने जीता। महाराष्ट्र के सिद्धेश घोरपड़े दूसरे और राजस्थान के आदित्य जाखड़ तीसरे स्थान पर रहे। इस मुकाबले में मेजबान झारखंड के अर्जुन कुमार को 11वां और निखिल लोहरा को 16वां स्थान मिला।
सब-जूनियर टीम स्प्रिंट में भी अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता दिखाई। बालिका वर्ग में पंजाब ने 1 मिनट 16.860 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि हरियाणा दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग में महाराष्ट्र ने 1 मिनट 12.363 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण जीता। मणिपुर दूसरे तथा अंडमान एवं निकोबार तीसरे स्थान पर रहा।
रांची में 30 अक्टूबर से शुरू हुई यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 नवंबर तक चलेगी। इसमें 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर और 41वीं सब-जूनियर नेशनल ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप के मुकाबले कराए जा रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों और खेल संस्थानों के खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।