रांची में राज्यस्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 के अंतिम चरण की शुरुआत शुक्रवार को अंडर-17 फुटबॉल और वॉलीबॉल मुकाबलों के साथ हुई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की इस प्रतियोगिता में सभी 24 जिलों से कुल 1,344 खिलाड़ी पहुंचे हैं। इनमें फुटबॉल के 768 और वॉलीबॉल के 576 प्रतिभागी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ 192 कोच और मैनेजर भी मौजूद हैं।
फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन खेलगांव के प्रैक्टिस ग्राउंड में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने किया। बालिका वर्ग के मुकाबले इसी मैदान पर खेले गए, जबकि बालक वर्ग की टीमों ने कांके ग्राउंड में अपनी चुनौती पेश की। बालिका वर्ग में साहिबगंज, रामगढ़, पाकुड़, दुमका, हजारीबाग, सिमडेगा और चतरा ने अपने-अपने मैच जीते।
बालिका फुटबॉल में साहिबगंज ने बोकारो को 3-2 और पाकुड़ ने लोहरदगा को इसी अंतर से पराजित किया। रामगढ़ ने पश्चिमी सिंहभूम तथा हजारीबाग ने देवघर को 2-0 से हराया। दुमका ने गिरिडीह और सिमडेगा ने धनबाद के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की, जबकि चतरा ने गोड्डा को 1-0 से मात दी।
बालक फुटबॉल के शुरुआती मुकाबलों में गिरिडीह ने पश्चिमी सिंहभूम, देवघर ने कोडरमा और हजारीबाग ने बोकारो को 2-0 से हराया। साहिबगंज ने पलामू के विरुद्ध 2-1 से जीत हासिल की। प्री-क्वार्टर फाइनल में गिरिडीह ने रामगढ़ को 2-0, देवघर ने गढ़वा को 3-0 और गुमला ने बोकारो को 4-3 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
वॉलीबॉल के मैच हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुए। बालिका वर्ग में देवघर, धनबाद, गुमला, रामगढ़, बोकारो, गोड्डा, लोहरदगा, गढ़वा और चतरा की टीमें विजयी रहीं। बालक वर्ग में चतरा, धनबाद, कोडरमा, गोड्डा, लातेहार, जामताड़ा, देवघर और हजारीबाग ने अपने मुकाबले जीतकर दूसरे चक्र में प्रवेश किया।