रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को प्रस्तावित भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू हो रही है। टिकट खिड़की सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुली रहेगी। मैच को लेकर दर्शकों में उत्साह है और रविवार शाम से ही स्टेडियम के आसपास टिकट लेने वालों की भीड़ पहुंचने लगी थी।
कई क्रिकेट प्रेमी रात में रुकने के लिए चादर और कंबल लेकर आए थे। हालांकि, पुलिस ने स्टेडियम के पास लोगों को रातभर जमा नहीं होने दिया और उन्हें वहां से हटा दिया। टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए रात से ही पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जिला प्रशासन और जेएससीए ने सुरक्षा, प्रवेश तथा पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य वरीय अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। पार्किंग और वीआईपी आवागमन के लिए भी अलग व्यवस्था की जा रही है।
टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए बिक्री काउंटरों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। अधिकारियों को ऐसे लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है जो बार-बार कतार में लगकर टिकट खरीदने या स्टेडियम के बाहर अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश कर सकते हैं।
दर्शकों के प्रवेश के लिए स्टेडियम में करीब दो दर्जन स्थायी टर्नस्टाइल मशीनें लगी हैं। टिकट पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त करीब दो दर्जन चलंत हैंड टर्नस्टाइल भी इस्तेमाल किए जाएंगे, ताकि क्यूआर कोड स्कैन नहीं होने की स्थिति में टिकट की जांच कर दर्शकों को प्रवेश कराया जा सके।
प्रशासन ने पिछली झारखंड टी20 क्रिकेट लीग के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को देखते हुए इस बार प्रबंधन को बेहतर बनाने पर जोर दिया है। टिकट खरीदने आने वाले दर्शकों से निर्धारित समय और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपेक्षा की गई है।