रांची के खेलगांव स्थित सिदो-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण पदक जीतने वाला राजस्थान ओवरऑल चैंपियन बना। रेलवे की टीम 10 स्वर्ण पदकों के साथ उपविजेता रही।
भारतीय साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और झारखंड साइकिलिंग संघ के संयुक्त आयोजन में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों की स्पर्धाएं कराई गईं। छह दिनों तक चली चैंपियनशिप के अंतिम दिन भी महिला और पुरुष वर्ग में कई मुकाबले हुए तथा विजेताओं को पदक प्रदान किए गए।
मेजबान झारखंड के लिए सरिता कुमारी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। राज्य को प्रतियोगिता में मिले तीनों पदक उनके नाम रहे। अंतिम दिन महिला एलीट केइरीन फाइनल में सरिता दूसरे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा का स्वर्ण रेलवे की कीर्ति रंगास्वामी सी और कांस्य महाराष्ट्र की श्वेता गुंजाल ने जीता।
महिला एलीट वर्ग की 10 किलोमीटर स्क्रैच रेस में हरियाणा की मीनाक्षी को स्वर्ण मिला। ओडिशा की स्वास्ति सिंह ने रजत और राजस्थान की हर्षिता जाखड़ ने कांस्य पदक जीता। सब-जूनियर बालिका वर्ग की दो किलोमीटर इंडिविजुअल परस्यूट में मणिपुर की सैखोम फ्लोरेंस देवी पहले स्थान पर रहीं।
पुरुष जूनियर टीम स्प्रिंट में मणिपुर ने 1:07.138 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। राजस्थान दूसरे और अंडमान एवं निकोबार तीसरे स्थान पर रहा। पुरुष एलीट मैडिसन की 30 किलोमीटर स्पर्धा में रेलवे की विश्वजीत सिंह और नीरज कुमार की जोड़ी 47 अंकों के साथ विजेता बनी।
समापन समारोह में राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद और राजमहल के सांसद विजय हांसदा उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं के पदक विजेताओं को मेडल और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। राजस्थान की विजेता टीम को चैंपियनशिप जर्सी भी प्रदान की गई।