दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हो गई। बालक मध्य विद्यालय के पीछे स्थित मैदान में प्रखंड के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने दौड़, रिले रेस, भाला फेंक, डिस्क थ्रो, लंबी और ऊंची कूद के साथ फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। समापन पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी आनंद शंकर मुर्मू ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जयदेव हांसदा ने पहला, राहुल मडैया ने दूसरा और आशीष कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर में फिलीमन हेंब्रम, सिमोन किस्कू और राजीव मांझी ने क्रमशः स्थान हासिल किए। 800 मीटर में लुकास हेंब्रम, अशोक मुर्मू और आशीष सोरेन, जबकि 1500 मीटर में जयदेव हांसदा, संदीप मुर्मू और आशुतोष कुमार सफल रहे।
बालकों की 100 मीटर रिले रेस में ठाड़ीहाट पहले, डंडो दूसरे और रामगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। 400 मीटर रिले में रामगढ़ ने प्रथम और डंडो ने द्वितीय स्थान पाया। भाला फेंक में हेमकांत कापरी, फिलीमन हेंब्रम और चार्ल्स मरांडी तथा डिस्क थ्रो में देव कुमार राउत, राहुल मडैया और साहेबराम मुर्मू ने बेहतर प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सोनोती मुर्मू, संध्या कुमारी और ऋतु कुमारी ने स्थान बनाए। 200 मीटर में असंता हेंब्रम, राजफुल बास्की और ऋतु कुमारी तथा 400 मीटर में आरती किस्कू, मनीषा किस्कू और तेरेसा टुडू सफल रहीं। 800 मीटर में प्रिया मुर्मू, सुशांति हांसदा और पन्नी मुर्मू ने बेहतर प्रदर्शन किया। 1500 मीटर में पानवती हेंब्रम, सोनामति मरांडी और किरण मुर्मू ने स्थान हासिल किए, जबकि 3000 मीटर में असंता हेंब्रम का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
बालिकाओं की 100 मीटर रिले रेस में कड़बिंधा प्रथम, केजीबीवी रामगढ़ द्वितीय और हाई स्कूल रामगढ़ तृतीय रहा। भाला फेंक में मार्शिला मुर्मू व खुशबू कुमारी, लंबी कूद में प्रिया मुर्मू, सुशांति हांसदा व रानी टुडू और ऊंची कूद में खुशबू कुमारी, फुलमूनी किस्कू व अंजली हांसदा ने बेहतर प्रदर्शन किया।
फुटबॉल में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर रामगढ़ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के बालक और बालिका खिलाड़ियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। ये खिलाड़ी आगे जिला स्तर पर प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन अवसर पर शिक्षकों और आयोजन से जुड़े कर्मियों ने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन में शिक्षकों, विद्यार्थियों और अन्य कर्मियों ने सहयोग किया।