झारखंड की बालिका टीम ने 34वीं सब-जूनियर नेशनल थ्रो बॉल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। पश्चिम बंगाल के ठाकुरपुकुर स्थित विवेकानंद कॉलेज में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में टीम ने तमिलनाडु को 25-16 और 25-23 से पराजित किया। झारखंड ने पूरे टूर्नामेंट में कोई मुकाबला नहीं गंवाया।
लीग चरण में झारखंड ने मध्य प्रदेश को 25-13, 25-15 और महाराष्ट्र को 25-16, 25-22 से हराया। टीम ने आंध्र प्रदेश के विरुद्ध भी 25-18, 25-19 से जीत दर्ज करते हुए नॉकआउट दौर में जगह बनाई। लगातार तीन जीत के साथ खिलाड़ियों ने अपनी लय बरकरार रखी।
क्वार्टर फाइनल में झारखंड का सामना तेलंगाना से हुआ। टीम ने यह मुकाबला 25-12 और 25-19 से अपने नाम किया। इसके बाद सेमीफाइनल में मुंबई को 25-19, 25-18 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल में तमिलनाडु के विरुद्ध भी टीम ने सीधे सेटों में जीत हासिल की।
विजेता टीम में पूर्वी सिंहभूम की सात खिलाड़ी शामिल थीं। इनमें केजीबीवी धालभूमगढ़ की सुनीता सोरेन, चुड़ामोनी टुडू, सुजाता मुर्मू, पारसी मुर्मू और पूजा बेसरा के साथ केजीबीवी पटमदा की अनुपमा टुडू तथा सलमा टुडू शामिल हैं। टीम में चतरा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिंड्राकोन की तीन खिलाड़ी भी थीं।
रांची जिले से पांच खिलाड़ियों ने टीम का प्रतिनिधित्व किया। इनमें तीन खिलाड़ी केजीबीवी बुंडू और दो खिलाड़ी रांची के निजी स्कूल से थीं। इस तरह पूर्वी सिंहभूम, चतरा और रांची की खिलाड़ियों से बनी झारखंड टीम ने लीग से लेकर फाइनल तक अपने सभी मुकाबले जीते।
झारखंड थ्रो बॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कस्तब और सचिव राजेश कुमार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा टीम मैनेजर को इस उपलब्धि पर बधाई दी। टीम ने अपनी विजेता ट्रॉफी दिवंगत थ्रो बॉल खिलाड़ी और पूर्व कप्तान मिलिता टुडू को समर्पित की।