लातेहार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बुधवार को बीएलओ-बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठकों में मतदाता सूची के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा की गई और प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए जागरूक किया गया।
बैठक के दौरान सत्यापन लंबित रखने वाले मतदाताओं की नामवार सूची बीएलए-2, उपस्थित सदस्यों और आम नागरिकों के सामने पढ़ी गई। इसका उद्देश्य संबंधित मतदाताओं तक जानकारी पहुंचाना और मतदाता सूची से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी कराना था।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त संदीप कुमार ने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सबानो स्थित मतदान केंद्र संख्या 190 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक, चुनाव पाठशाला की गतिविधियों और निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
उपायुक्त ने बीएलओ और अन्य कर्मियों से सत्यापन के लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने, सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम जुड़ने से रोकने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान 18 नवंबर को प्रपत्र-3 के प्रकाशन और छठी बैठक के आयोजन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का समय पर और व्यवस्थित ढंग से निष्पादन आवश्यक है।
मतदान केंद्र का निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त ने सबानो गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों से पूछा कि उनके पास मतदाता पहचान पत्र है या नहीं और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। ग्रामीणों को प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज कराने के महत्व की जानकारी भी दी गई। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, एसडीओ दिनेश कुमार, डीपीआरओ डॉ. चंदन और बीडीओ मनोज कुमार तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।