रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार झारखंड में 1 से 15 सितंबर के बीच मानसून की बारिश सामान्य के करीब रही, लेकिन कुल वर्षा में लगभग पांच प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इस अवधि में राज्य में 871.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 920.8 मिलीमीटर है।
जिलों की स्थिति में बड़ा अंतर सामने आया है। राज्य के नौ जिलों में बारिश की कमी 20 प्रतिशत से अधिक रही। पाकुड़ में सर्वाधिक 48 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। चतरा में 36 प्रतिशत, देवघर में 31 प्रतिशत और गुमला में 29 प्रतिशत की कमी रिकॉर्ड हुई।
साहिबगंज में सामान्य से 26 प्रतिशत, कोडरमा में 25 प्रतिशत तथा गिरिडीह और हजारीबाग में 24-24 प्रतिशत कम बारिश हुई। गढ़वा में भी वर्षा सामान्य स्तर से 22 प्रतिशत नीचे रही। दूसरी ओर, पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक है।
रांची में सामान्य से 13 प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में 12 प्रतिशत और लातेहार में 11 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। पूर्वी सिंहभूम में चार प्रतिशत तथा लोहरदगा में दो प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। धनबाद, दुमका, खूंटी और रामगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास रही।
दैनिक मौसम बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटों में दुमका जिले के जामा में 65 मिलीमीटर बारिश हुई। मसानजोर में 63.2 मिलीमीटर, जारमुंडी में 52 मिलीमीटर और महारो में 49.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसी अवधि में बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने 16 से 20 सितंबर के बीच राज्य में सामान्यतः बादल छाए रहने और अधिकांश जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अलग-अलग दिनों में कुछ हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने की चेतावनी भी दी गई है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।