रांची के मोरहाबादी मैदान में रविवार, 30 अगस्त को होने वाली आदिवासी एकता महाजुटान रैली को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रांची यातायात पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर कुछ रास्तों पर वाहनों का परिचालन रोका जाएगा और अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।
शहर में सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक ट्रक, लोडर और कंटेनर जैसे भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। ये वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था का समय पहले की तरह लागू रहेगा।
सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली से टीओपी-03 मैदान और करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। एसएसपी आवास से बापू वाटिका, राम मंदिर से अतिथिशाला तथा एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू मोड़ तक भी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी के आसपास चारपहिया वाहनों का अनावश्यक उपयोग नहीं करने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी यातायात रोका या दूसरी दिशा में मोड़ा जा सकता है।
गुमला और लोहरदगा से आने वाले वाहनों के लिए आईटीओ मैदान तथा हजारीबाग और रामगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डीएवी गांधीनगर मैदान निर्धारित किया गया है। खूंटी के वाहनों को जीईएल चर्च मैदान और सिमडेगा, कामडारा तथा तोरपा से आने वाले वाहनों को हरमू मैदान में खड़ा किया जाएगा।
सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा से आने वाले वाहनों की पार्किंग लोयला मैदान, पुरुलिया रोड में होगी। गढ़वा और पलामू क्षेत्र के वाहनों के लिए ओटीसी मैदान तय किया गया है। रांची के आसपास से आने वाले वाहनों को विश्वविद्यालय फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में पार्क करने की सुविधा दी जाएगी। यात्रियों को निर्धारित व्यवस्था देखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।