उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर आएंगे, एम्स दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह और बीबीएमटी अस्पताल के सेवा संपर्क मेले में भाग लेंगे। उनका देवघर प्रवास सुबह 10:10 से दोपहर 2:10 बजे तक निर्धारित है।

2 मिनट पढ़ें 3 बार पढ़ी गई
देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ रहे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को देवघर के दौरे पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के साथ बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल में आयोजित सेवा संपर्क मेले में भी भाग लेंगे। दोनों संस्थानों में उनके आगमन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम के मुताबिक उपराष्ट्रपति सुबह आठ बजे उपराष्ट्रपति भवन से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 8:20 बजे उड़ान भरने के बाद वह 10:10 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। स्वागत और परिचय की औपचारिकता के बाद वह सड़क मार्ग से एम्स देवघर जाएंगे।

एम्स में सुबह 11 बजे उनका आगमन निर्धारित है। समूह फोटोग्राफी के बाद दीक्षांत समारोह की शोभायात्रा सभागार पहुंचेगी। वंदे मातरम, राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के बाद संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने स्वागत भाषण देंगे तथा एम्स की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

समारोह में एम्स अध्यक्ष प्रो. डॉ. एमवी पद्मा श्रीवास्तव दीक्षांत प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा करेंगी। इसके बाद डिग्री पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रस्तुत किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के संबोधन भी निर्धारित हैं। सुबह 11:33 से 11:47 बजे के बीच 11 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

उपराष्ट्रपति का संबोधन सुबह 11:52 बजे प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंत में नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। वह दोपहर 12 बजे एम्स से रवाना होंगे और 12:45 बजे बीबीएमटी अस्पताल पहुंचेंगे, जहां आधे घंटे तक सेवा संपर्क मेले में भाग लेने का कार्यक्रम है।

बीबीएमटी अस्पताल का कार्यक्रम पूरा होने के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 1:30 बजे देवघर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। उनका दो बजे एयरपोर्ट पहुंचना और 2:10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दिल्ली लौटना तय है। इस तरह देवघर में उनका निर्धारित प्रवास करीब चार घंटे का रहेगा।