रांची में करमा पूजा को स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को मेयर रोशनी खलखो ने निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें पूजा स्थलों तथा अखड़ा परिसरों में सफाई, रोशनी, सड़क, नाली और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम की योजना के अनुसार, पर्व से पहले सभी पूजा स्थलों और अखड़ा परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। घास और झाड़ियों की कटाई, झाड़ू लगाने तथा कूड़ा उठाने का काम कराया जाएगा। अखड़ा परिसरों में दो पालियों में सफाई होगी। वार्ड सुपरवाइजर पूजा समितियों से समन्वय कर स्थलों का नियमित निरीक्षण करेंगे और सामने आने वाली कमियों को दूर कराएंगे।
बारिश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए क्विक रिस्पांस टीम को सतर्क रखने और नालियों की विशेष सफाई कराने को कहा गया है। नगर निगम ने घर-घर से नियमित कूड़ा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इंजीनियरिंग शाखा आवश्यकता के अनुसार अखड़ा स्थलों और पहुंच पथों का स्टोन डस्ट तथा जेसीबी की मदद से समतलीकरण कराएगी। सड़कों के गड्ढे ठीक करने और खुले नालों को स्लैब से ढकने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
प्रकाश व्यवस्था के तहत निगम क्षेत्र की खराब स्ट्रीट लाइटों को पर्व से पहले दुरुस्त किया जाएगा। पहले से गठित 28 टीमों के अतिरिक्त जरूरत पड़ने पर और टीमें लगाई जाएंगी। सभी अखड़ा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ प्रमुख मार्गों और पूजा स्थलों के पास लटक रही पेड़ों की शाखाओं की आवश्यकतानुसार छंटाई कराने का निर्देश भी दिया गया है।
स्वास्थ्य शाखा को अखड़ा स्थलों और जरूरत वाले इलाकों में नियमित फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी दी गई है। आवश्यकता के आधार पर कुत्ता पकड़ने का अभियान भी चलाया जाएगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का आकलन करने के बाद वहां पानी के टैंकर और चलंत शौचालय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मेयर ने सभी संबंधित शाखाओं से पूजा समितियों और वार्ड पार्षदों के साथ तालमेल बनाकर स्थानीय जरूरतों के मुताबिक काम पूरा करने को कहा है। शहरवासियों से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है। किसी स्थानीय समस्या या आवश्यकता के लिए पूजा समितियां निगम अधिकारियों और संबंधित वार्ड पार्षदों से संपर्क कर सकेंगी।