कोडरमा में बच्चों ने अधिकारियों को बांधी राखी, बाल सुरक्षा के लिए सक्रियता बनाए रखने की अपील

सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम के बाल नेताओं ने प्रशासनिक, न्यायिक और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर बाल विवाह, बाल श्रम और शोषण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने का संदेश दिया।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
कोडरमा में उपायुक्त और अन्य अधिकारियों को राखी बांधते सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम के बच्चे

कोडरमा में सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को ‘रक्षा बंधन व सुरक्षा का बंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कार्यक्रम से जुड़े बाल नेताओं ने जिले के प्रशासनिक, न्यायिक और पुलिस अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। बच्चों ने उन्हें राखी बांधकर बाल अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर लगातार सक्रिय रहने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन एसोसिएशन फॉर वॉलेंट्री एक्शन द्वारा संचालित सुरक्षित बाल ग्रामों के बच्चों की भागीदारी से किया गया। बच्चों ने बाल विवाह, बाल श्रम, बच्चों के दुर्व्यापार, हिंसा और बाल यौन शोषण के विरुद्ध की गई कार्रवाइयों के लिए अधिकारियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

बाल नेताओं ने सबसे पहले उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी। उपायुक्त ने बच्चों के संदेश को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाल विवाह, बाल श्रम, बाल दुर्व्यापार और बाल यौन शोषण जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। प्रत्येक बच्चे की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा को उन्होंने प्राथमिकता बताया।

इसके बाद बच्चों ने विधायक डॉ. नीरा यादव, उप विकास आयुक्त रवि जैन और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार से मुलाकात की। राखी बांधने के साथ बच्चों ने उनके सामने सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण की आवश्यकता का संदेश रखा।

कार्यक्रम के क्रम में बच्चों ने डोमचांच के प्रखंड विकास पदाधिकारी, मरकच्चो के अंचल अधिकारी तथा कोडरमा, सतगावां और मरकच्चो के थाना प्रभारियों से भी भेंट की। उन्होंने बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में अधिकारियों से निरंतर सक्रियता बनाए रखने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।