झारखंड में मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताएं शुरू, ‘आवाज झारखंड 2026’ के लिए 10 नवंबर तक प्रविष्टि

विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी निबंध, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे। राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता हिंदी और अंग्रेजी में होगी।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
झारखंड24 का पूर्ण लोगो—प्रकाशक की लोगो-मात्र छवि के स्थान पर

रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने युवाओं और भावी मतदाताओं के बीच निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ बढ़ाने के लिए झारखंड में विभिन्न प्रतियोगिताओं की घोषणा की है। इनका आयोजन संस्थान, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा। विद्यालयों और महाविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब भी अभियान में भाग लेंगे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, सभी जिलों में दो से 20 नवंबर तक निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। गतिविधियां जिला, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्तर पर कराई जाएंगी। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची तथा लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।

इसी क्रम में पांच नवंबर को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ई-सीनेट ऐप डाउनलोड कराने और सोशल मीडिया के जरिये इसके बारे में जागरूकता फैलाने का काम किया जाएगा। निर्वाचन कार्यालय ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

राज्य स्तर पर ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें झारखंड स्थित शैक्षणिक संस्थानों के कक्षा नौ-दस, कक्षा 11-12 तथा महाविद्यालय और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। प्रतिभागियों को हिंदी अथवा अंग्रेजी में प्रस्तुति देने का विकल्प मिलेगा।

भाषण के लिए शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र, लोकतंत्र का अर्थ और उसे मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका तथा मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण आवश्यक क्यों जैसे विषय निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को अपनी स्क्रिप्ट और भाषण 10 नवंबर तक अपलोड करना होगा।

हिंदी और अंग्रेजी भाषा श्रेणियों में पुरस्कार अलग-अलग दिए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान के लिए 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए पांच हजार रुपये और तृतीय स्थान के लिए तीन हजार रुपये निर्धारित हैं। विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।