गढ़वा जिले में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने गढ़वा और रमना प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान करीब 45 किलो अमानक मिठाई और 25 किलो एक्सपायरी मसाला नष्ट कराया गया। बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले चार दुकानदारों को नोटिस भी जारी किया गया।
गढ़वा बाजार समिति में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री और अनुरुद्ध राय के नेतृत्व में थोक एवं खुदरा दुकानों का निरीक्षण किया गया। महेंद्र राम टी स्टॉल, दिलीप किराना स्टोर, सारा दाल चावल और दिलीप कुमार गुप्ता ट्रेडर्स को लाइसेंस नहीं होने के मामले में नोटिस दिया गया।
अभियान के दौरान छह प्रतिष्ठानों से हल्दी पाउडर, चावल, गुड़, लाल मिर्च पाउडर, मसूर दाल और अरहर दाल के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। राजा राम एंड सन्स ट्रेडर्स में मिले 25 किलो एक्सपायरी मसाले को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया।
रमना प्रखंड में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी किरण हेम्ब्रम के नेतृत्व में दुकानों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र और मध्याह्न भोजन व्यवस्था की भी जांच हुई। संतोष मिष्ठान में रसगुल्ला, लड्डू, बर्फी और डोडा समेत करीब 45 किलो अमानक मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।
सूरज किराना दुकान में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रदर्शित नहीं मिला। वहां जीएमई ब्रांड की मूंग दाल के 15 पैकेट जब्त कर नष्ट कराए गए। अनु होटल एवं मिष्ठान भंडार तथा सुप्रिया स्वीट्स के कारखाने में गंदगी मिलने पर संचालकों को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जांच के समय मानदोहर आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला, जबकि पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय सिलिदाग-01 में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता देखी गई। विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, मानक के अनुरूप खाद्य रंग इस्तेमाल करने और वैध लाइसेंस के साथ व्यवसाय चलाने की हिदायत दी है। त्योहारों के दौरान गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच जारी रखने की बात भी कही गई है।