गढ़वा के कल्याणपुर स्थित इंदिरा सिंह टीचर ट्रेनिंग बीएड कॉलेज में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लिया और ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रस्मी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया।
रविशंकर शर्मा को दूसरा और पल्लवी कुमारी को तीसरा स्थान मिला। तीनों विजेताओं को शील्ड तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागियों को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगियों का मूल्यांकन चार प्रमुख आधारों पर किया गया। इनमें वक्तृत्व कला, विषय की समझ, तर्क देने की क्षमता और विचारों का प्रस्तुतीकरण शामिल था। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषय के विभिन्न पक्षों पर अपनी समझ और दृष्टिकोण सामने रखा।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, गढ़वा की ओर से किया गया, जो केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से संबद्ध है। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं से जोड़ने के साथ राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपनी बात रखने का मंच देना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी, जिला युवा अधिकारी पामीर सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार चौबे, शिक्षाविद् रामाशीष तिवारी, डॉ. अजय पांडेय और प्रो. अजय चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर रामाशीष तिवारी ने प्रतियोगिता के विषय से जुड़े अलग-अलग पहलुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सजीव कुमार, सत्यम शुक्ला, काजल कुमारी और इन्द्रजीत कुमार सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। जिला स्तर पर सफल प्रतिभागियों के लिए अगला चरण राज्य स्तरीय युवा संसद होगा।