पश्चिमी सिंहभूम के गुवा थाना क्षेत्र में इस वर्ष नौ स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार देर शाम गुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें पूजा समितियों को आयोजन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू के एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो और इंस्पेक्टर समीर तिर्की ने की। बैठक में थाना प्रभारी नीतीश कुमार के साथ जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य लोग और विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी समितियों से निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने को कहा।
गुवा थाना क्षेत्र में रामनगर, विवेक नगर, कैलाश नगर, नुईया रुगंटा कॉलोनी, बिरसा नगर-2, कल्याण नगर, कारोकुंज हिरजीहाटिंग, वन देवी और बेतरकिया में पूजा पंडाल बनाए जाएंगे। इस तरह क्षेत्र के कुल नौ स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए दुर्गा पूजा का आयोजन होगा।
पुलिस प्रशासन ने पूजा पंडालों में डीजे बजाने से मना किया है। सामान्य साउंड सिस्टम का उपयोग रात 10 बजे तक किया जा सकेगा और पंडालों में केवल भक्ति गीत बजाने की अनुमति होगी। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि आयोजन के दौरान निगरानी रखी जा सके।
अग्नि सुरक्षा के लिए पंडालों के बाहर पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी रखने को कहा गया है। श्रद्धालुओं से पंडालों के आसपास वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि 20 अक्टूबर को रावण दहन और 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन होगा।