जमशेदपुर के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में विश्वकर्मा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। संयंत्रों में सफाई, रंग-रोगन और पंडाल निर्माण का काम चल रहा है। इस बार 17 सितंबर को अवकाश रहने के कारण टाटा मोटर्स ने अपने विभिन्न विभागों में एक दिन पहले, यानी 16 सितंबर को पूजा आयोजित करने का निर्णय लिया है।
टाटा मोटर्स के प्लांट-1, प्लांट-2, प्लांट-3, सीटीआर, फाउंड्री, फोर्ज, वर्ल्ड ट्रक और फाइनल डिवीजन सहित अलग-अलग विभागों में प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा की जाएगी। इसमें प्लांट और विभागीय प्रमुखों के साथ वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल होंगे। 17 सितंबर को जनरल ऑफिस गेट पर सामूहिक पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। कर्मचारियों को गेट पास के आधार पर सोनपापड़ी और लड्डू के पैकेट दिए जाएंगे।
टाटा कमिंस के मुख्य द्वार पर भी पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां 17 सितंबर को प्रतिमा स्थापना के साथ पूजा होगी। प्रतिष्ठान में मिठाई बांटने की जगह कर्मचारियों और उनके परिवारों को बैठाकर महाभोग कराने की परंपरा वर्ष 2011 से चल रही है। इसके लिए कूपन फॉर्म पहले ही भरवाए गए हैं। कर्मचारी और उनके बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे।
टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड की बारा, डिमेट और सीआर इकाइयों में प्रबंधन तथा यूनियन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूजा होगी। इसके बाद कैंटीन में विशेष भोग परोसा जाएगा। कर्मचारियों को 225 रुपये का स्वीट कूपन देने की व्यवस्था है और पूजा के दिन संयंत्र में अवकाश रहेगा।
टिमकेन इंडिया में केंद्रीय और विभागीय पूजा के साथ रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। यहां कर्मचारियों के 200 रुपये के कूपन की राशि वेतन में जोड़ी जाएगी। काम से छूट के बावजूद कर्मचारियों को उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पंचिंग करनी होगी।
टाटा स्टील वायर डिवीजन में अलग-अलग विभागों की जगह जनरल ऑफिस के पास केंद्रीकृत पूजा होगी और पुरानी कूपन व्यवस्था लागू नहीं रहेगी। टाटा स्टील कलर्स के सेंट्रल वर्कशॉप में मुख्य आयोजन होगा, जहां से कर्मचारियों को प्रसाद के पैकेट मिलेंगे। इस प्रतिष्ठान में अलग से किसी कूपन की व्यवस्था नहीं की गई है।