जामताड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिला और प्रखंड स्तर पर गठित प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट के रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए नया विज्ञापन जारी किया गया है। जिला ग्रामीण विकास शाखा की विज्ञापन सूचना संख्या 01/2026 के माध्यम से कुल 11 पदों के लिए निर्धारित योग्यता, आयु सीमा और मासिक मानदेय की जानकारी दी गई है।
नए विज्ञापन के साथ पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन सूचना संख्या 01/2025 को अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है। जिला स्तर पर प्रशिक्षण समन्वयक का एक पद है। इसके लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष और मासिक मानदेय 35 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण समन्वयक पद के अभ्यर्थी के पास रूरल मैनेजमेंट, को-ऑपरेटिव मैनेजमेंट या सोशल वर्क में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। संबंधित विषय में पीजी, पीजीडीएम या एमबीए के साथ तीन वर्ष का कार्यानुभव भी आवश्यक बताया गया है।
जिला स्तर पर लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर का एक पद भी शामिल है। इस पद के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष और मासिक मानदेय 15 हजार रुपये है। आवेदक के लिए वाणिज्य विषय से इंटरमीडिएट, डीसीए, संबंधित क्षेत्र में एक वर्ष का अनुभव तथा हिंदी और अंग्रेजी में टंकण दक्षता अनिवार्य रखी गई है।
प्रखंड स्तर पर प्रखंड समन्वयक के चार पदों पर नियुक्ति की जानी है। इन पदों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष तथा मासिक मानदेय 18 हजार रुपये तय किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रखंड स्तर पर लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर के पांच पद हैं, जिनके लिए 18 से 30 वर्ष की आयु सीमा और 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित है।
प्रखंड स्तरीय लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर पद के लिए वाणिज्य विषय से इंटरमीडिएट, डीसीए और छह माह का कार्यानुभव जरूरी है। अभ्यर्थी को हिंदी तथा अंग्रेजी टंकण में भी दक्ष होना होगा। जारी सूचना के अनुसार सभी पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु की गणना एक जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।