झारखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कंप्यूटर दक्षता का होगा ऑनलाइन आकलन

कक्षा छह से 12 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए ‘जी गुरुजी एप’ पर ऑनलाइन परीक्षा होगी। प्रतियोगिता विद्यालय से राज्य स्तर तक चार चरणों में आयोजित की जाएगी।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
झारखंड24 का पूर्ण लोगो—प्रकाशक की लोगो-मात्र छवि के स्थान पर

जमशेदपुर समेत झारखंड के सरकारी स्कूलों में कक्षा छह से 12 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों की कंप्यूटर और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी संबंधी दक्षता का ऑनलाइन आकलन किया जाएगा। परीक्षा ‘जी गुरुजी एप’ के माध्यम से होगी। यह पहल ‘आईसीटी चैंपियनशिप : झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2026’ के तहत की जा रही है।

राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक, प्रतियोगिता का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उनकी डिजिटल दक्षता का आकलन करना है। विद्यालय स्तर पर सभी संबंधित शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रतियोगिता विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर चार चरणों में आयोजित होगी। विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षक प्रखंड स्तर पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रखंड स्तर से चयनित प्रतिभागी जिला और जिला स्तर के विजेता राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

शिक्षकों को दो वर्गों में रखा गया है। इनमें मिडिल एवं सेकेंडरी टीचर कैटेगरी यानी टीजीटी और सीनियर सेकेंडरी टीचर कैटेगरी यानी पीजीटी शामिल हैं। परीक्षा के संचालन और निगरानी के लिए प्रखंड तथा जिला स्तर पर विशेष समितियां गठित की गई हैं, जिनमें तकनीकी विशेषज्ञों और कंप्यूटर शिक्षकों को शामिल किया गया है।

संबंधित उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को अपने कंप्यूटर सिस्टम में ‘जी गुरुजी एप’ का नवीनतम ऑफलाइन संस्करण इंस्टॉल करने का निर्देश दिया गया है। आईटी लैब के प्रत्येक कंप्यूटर और डेस्कटॉप पर निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने को भी कहा गया है, ताकि ऑनलाइन आकलन का संचालन सुचारू ढंग से हो सके।

अलग-अलग स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के लिए पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। विद्यालय स्तर के विजेताओं को कांस्य पदक और प्रमाणपत्र, जबकि प्रखंड स्तर पर रजत पदक के साथ स्टेशनरी किट और पेन ड्राइव दी जाएगी। जिला स्तर के विजेताओं को स्वर्ण पदक, प्रमाणपत्र और स्मार्ट वॉच तथा राज्य स्तर के विजेताओं को शील्ड और लैपटॉप प्रदान किया जाएगा।