कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और ठेला-खोमचा समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और लाइसेंस से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं।
विभागीय टीम ने महाराणा प्रताप चौक से पूर्णिमा टाकीज तक संचालित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मसाला जंक्शन, हंगर केव और स्पलैश के किचन में सफाई की कमी मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया। उन्हें निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने का निर्देश भी दिया गया है।
जांच में स्पलैश से एक्सपायरी तारीख वाला जूस और रायल केक से एक्सपायरी तारीख वाला फूड कलर मिलने की जानकारी दी गई। हंगर केव में खराब ब्रेड के अलावा ऐसे फ्रोजन मोमो मिले, जिनके पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख दर्ज नहीं थी। विभाग ने कुल 60 किलोग्राम मोमो जब्त कर लिए।
स्पलैश और न्यू रायल बिरयानी हाउस के खाद्य लाइसेंस में भी त्रुटियां पाई गईं। संचालकों को इन्हें सुधारने को कहा गया है। विभाग के अनुसार, त्रुटिपूर्ण लाइसेंस के मामले में नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। कई अन्य होटल और ठेला संचालकों के पास लाइसेंस नहीं मिला, जबकि कुछ के लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी।
निरीक्षण के दौरान चाट, समोसा और मिठाई में अखाद्य रंग के इस्तेमाल के मामले भी सामने आए। ऐसी खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया और कारोबारियों को चाट, चटनी, मिठाई तथा अन्य खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग नहीं मिलाने की हिदायत दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों से पैकेज्ड सामग्री पर लाइसेंस नंबर, निर्माता का नाम-पता तथा निर्माण और एक्सपायरी तारीख जांचने को कहा है। बिना लाइसेंस या समाप्त वैधता वाले कारोबारियों को नया लाइसेंस लेने अथवा नवीनीकरण के लिए आवेदन करने और सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय से संपर्क करने का निर्देश दिया गया। जांच दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद और उमेश कुमार तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर धर्म प्रसाद शामिल थे।