दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची रेल मंडल ने विशेष रेल सेवाओं के साथ स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन की तैयारी की है। मंडल रेल प्रबंधक करुणानिधि सिंह ने गुरुवार को बताया कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। कई नियमित ट्रेनों में स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।
रांची से अजमेर के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर और वापसी सेवा 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी। रांची-अलीपुरद्वार विशेष ट्रेन 12 अक्टूबर से 9 नवंबर तथा इसकी वापसी सेवा 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक संचालित होगी। रांची-आनंद विहार विशेष सेवा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर और वापसी ट्रेन 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
रांची होकर चलने वाली सांतरागाछी-अजमेर विशेष ट्रेन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर तक संचालित होगी। हटिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सेवा 12 से 26 अक्टूबर और हटिया-बेंगलुरु विशेष ट्रेन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलेगी। पटना-चर्लपल्ली विशेष ट्रेन का रांची होकर परिचालन 30 नवंबर तक जारी रहेगा। स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया-बानो और बानो-हटिया अनारक्षित ट्रेनें भी 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेंगी।
यात्रियों की मांग को देखते हुए रांची-गोड्डा, रांची-चोपन, रांची-सासाराम और रांची-आरा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से लगाए गए हैं। दक्षिण दिशा की ट्रेनों के लिए बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो में वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था की गई है। रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार 10 अक्टूबर से आंशिक रूप से खोला जाएगा।
रांची और हटिया स्टेशनों पर यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट एवं यूटीएस काउंटर, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। आरपीएफ और जीआरपी के सहयोग से स्टेशन परिसरों की निगरानी होगी तथा सीसीटीवी का भी इस्तेमाल किया जाएगा। सहायता और समन्वय के लिए चौबीस घंटे सक्रिय रहने वाला वॉर रूम बनाया गया है।
भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर से 29 नवंबर तक रांची और हटिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट का मूल्य 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये किया जाएगा। रेल मंडल ने यात्रियों को समय से स्टेशन पहुंचने, यात्रा से पहले ट्रेन और प्लेटफॉर्म की जानकारी लेने तथा किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना सुरक्षा कर्मचारियों को देने की सलाह दी है।