रांची में झारखंड पुलिस मुख्यालय ने दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से बैंकों, आभूषण दुकानों और भीड़भाड़ वाले बाजारों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने और उससे संबंधित रजिस्टर तैयार करने का भी निर्देश मिला है।
पुलिस प्रवक्ता और आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के अनुसार, अक्टूबर से दिसंबर के बीच शाम जल्दी होने तथा त्योहारों में आवाजाही बढ़ने के कारण आपराधिक घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब पुलिस का ध्यान दीपावली और छठ पूजा के सुरक्षित आयोजन पर है।
धनतेरस पर आभूषण और अन्य कीमती सामान की खरीदारी बढ़ने को देखते हुए बैंकों तथा ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। सभी एसपी को बैंक प्रबंधकों और आभूषण कारोबारियों के साथ बैठक कर मौजूदा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया है। प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी निगरानी प्रणाली की कार्यशीलता जांचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों और कर्मचारियों से आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। यदि कोई अनजान व्यक्ति लगातार कई दिनों तक बैंक या दुकान के पास संदिग्ध तरीके से घूमता दिखाई दे, तो इसकी सूचना नजदीकी थाने को देने की सलाह दी गई है। दुकानदारों को स्थानीय थाना प्रभारी का मोबाइल नंबर रखने और जरूरत पड़ने पर आपात सेवा 112 का उपयोग करने को कहा गया है।
त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता होने पर क्विक रिस्पांस टीम की सहायता लेने की व्यवस्था भी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से खरीदारी के दौरान अपने सामान के साथ आसपास की गतिविधियों के प्रति सजग रहने और किसी संदिग्ध व्यवहार की तत्काल जानकारी देने की अपील की है।
दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी से आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग के साथ भी समन्वय किया गया है। आईजी अभियान के मुताबिक संबंधित जिलों के अग्निशमन अधिकारियों को जिला नियंत्रण कक्षों के लगातार संपर्क में रहने को कहा गया है, ताकि किसी घटना पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।