दुर्गा पूजा से पहले पलामू पुलिस ने जिले के कई थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान कुल 1,100 किलोग्राम जावा महुआ और पांच लीटर महुआ शराब नष्ट की गई। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गुरुवार को की गई। किसुनपुर पिकेट क्षेत्र के अंगरा, अरेदाना और जागोडीह गांवों में पुलिस ने करीब 150 किलोग्राम जावा महुआ तथा अवैध शराब नष्ट करने की जानकारी दी। नावा जयपुर थाना क्षेत्र के हुरदगा गांव में भी अभियान चलाया गया, जहां 250 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया।
पुलिस के मुताबिक, उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही गांव में 150 किलोग्राम जावा महुआ मिला। तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव के यादव टोला में 60 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया। इसी गांव में एक अन्य कार्रवाई के दौरान 40 किलोग्राम जावा महुआ और पांच लीटर महुआ शराब भी नष्ट की गई।
पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। यहां करीब 100 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट करने का दावा किया गया है। पीपरा थाना क्षेत्र के गजना गांव के विभिन्न ठिकानों पर भी कार्रवाई हुई, जहां पुलिस के अनुसार करीब 200 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया।
इसके अतिरिक्त रोंगा और बुड रोंगा गांवों में पुलिस ने करीब 150 लीटर जावा महुआ नष्ट करने की जानकारी दी। अभियान के दौरान उन अन्य संभावित ठिकानों की भी जांच की गई, जहां अवैध शराब तैयार किए जाने या उसका भंडारण होने की आशंका थी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना स्थानीय थाना या पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।