नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में चल रहे 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही सिमडेगा की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार को खेले गए अंडर-17 मुकाबले में सीएम एक्सीलेंट गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा ने मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर को 3-1 से हराया।
मुकाबले में झारखंड की टीम ने बेहतर तालमेल के साथ आक्रामक खेल दिखाया। सानिया तिर्की ने 21वें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद सिमडेगा की खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और अपनी बढ़त को आगे बढ़ाने की कोशिश जारी रखी।
रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट में झारखंड के लिए दूसरा गोल किया। मध्य प्रदेश की टीम ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन सिमडेगा की खिलाड़ियों ने मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। महिमा कुल्लू ने 55वें मिनट में तीसरा गोल दागकर जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई।
झारखंड ने अंततः मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया और प्रतियोगिता के अंतिम चार में स्थान बना लिया। गोल करने के साथ टीम के आक्रामक खेल में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली रेजिना कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया।
यह प्रतियोगिता 9 से 19 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। टीम के साथ कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक मौजूद हैं। सहयोगी दल में मैनेजर एमा बारा और फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी भी शामिल हैं। टीम अब सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल करने की तैयारी करेगी।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने खिलाड़ियों को सेमीफाइनल में पहुंचने की बधाई दी और अगले मुकाबले में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद व्यक्त की।