पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन एक नवंबर को 29 केंद्रों पर किया जाएगा। चाईबासा अनुमंडल में 18 और चक्रधरपुर अनुमंडल में 11 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी और दोनों अनुमंडलों को मिलाकर 18 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
पहली पाली में कक्षा छह से आठ के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इस पाली के लिए 10,470 अभ्यर्थी निर्धारित हैं। इनमें चाईबासा के 6,831 और चक्रधरपुर के 3,639 अभ्यर्थी शामिल हैं।
दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच के प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। इसमें कुल 8,369 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। चाईबासा में 5,461 और चक्रधरपुर में 2,908 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है।
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक पाली की परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए केंद्र पर पहुंचना होगा।
परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पेजर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वीक्षक भी परीक्षा कक्ष में मोबाइल नहीं रख सकेंगे और उन्हें अपना फोन केंद्राधीक्षक के पास जमा करना होगा।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय परिसर के वीर पोटो हो सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग की गई। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। प्रशासन ने सुरक्षा, अभ्यर्थियों की जांच और कदाचार रोकने के लिए निर्धारित व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।