पूर्वी सिंहभूम जिले में अगस्त महीने के एनएफएसए खाद्यान्न का वितरण अतिरिक्त समय मिलने के बाद 92 प्रतिशत तक पहुंच गया। हालांकि जिले के शहरी क्षेत्रों में वितरण का स्तर ग्रामीण इलाकों की तुलना में कम रहा। जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में केवल 82.37 प्रतिशत खाद्यान्न वितरित किया जा सका।
जिले के अन्य शहरी निकायों और क्षेत्रों में भी वितरण 90 प्रतिशत से नीचे दर्ज हुआ। गोलमुरी सह जुगसलाई यानी जमशेदपुर प्रखंड में 86.89 प्रतिशत, जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में 85.40 प्रतिशत और मानगो नगर निगम क्षेत्र में 89.10 प्रतिशत वितरण हुआ। मानगो का प्रदर्शन पहले की तुलना में सुधरा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही। वहां सबसे कम 90 प्रतिशत वितरण पोटका प्रखंड में दर्ज किया गया, जबकि घाटशिला प्रखंड 96.46 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। सभी ग्रामीण प्रखंडों और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में वितरण 90 प्रतिशत से अधिक रहा।
अगस्त का वितरण पूरा करने के लिए समयसीमा पांच सितंबर तक बढ़ाई गई थी। इससे पहले 31 अगस्त को राज्य में वितरण का स्तर 76.22 प्रतिशत रहने के बाद खाद्य एवं उपभोक्ता मामले के सचिव ने जिला प्रशासनों को पत्र भेजा था। इसके बाद पूरे राज्य में पांच अतिरिक्त दिन दिए गए।
अवधि विस्तार से पूर्वी सिंहभूम के समग्र वितरण में सुधार हुआ, लेकिन शहरी क्षेत्रों के आंकड़े अब भी जिले के औसत से पीछे रहे। खासकर जमशेदपुर अक्षेस और जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में दर्ज प्रतिशत शहरी वितरण की असमान स्थिति को दिखाते हैं।
इस बीच जमशेदपुर, रांची और धनबाद के शहरी क्षेत्रों में एफसीआई से अनाज उठाव की व्यवस्था भी बदली गई है। पायलट परियोजना के तहत अब एफसीआई से अनाज सीधे डीलरों की दुकानों तक पहुंचाया जा रहा है। पहले अनाज एफसीआई से एसएफसी गोदाम और फिर डोर स्टेप डिलीवरी के जरिए दुकानों तक जाता था।