धनबाद स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में डिजिटल स्टूडियो स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए 29 अक्टूबर को रांची से एक तकनीकी टीम विश्वविद्यालय पहुंचेगी। टीम प्रस्तावित डिजिटल स्टूडियो और जे-टॉक पॉडकास्ट रूम के लिए स्थान तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करेगी।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। योजना के तहत बीबीएमकेयू सहित झारखंड के पांच विश्वविद्यालयों में डिजिटल स्टूडियो बनाए जाने हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर इन स्टूडियो का उपयोग शैक्षणिक सामग्री तैयार करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
तकनीकी टीम विश्वविद्यालय परिसर का भौतिक निरीक्षण करेगी। इस दौरान प्रस्तावित स्थान, आवश्यक तकनीकी व्यवस्था और पहले से मौजूद संसाधनों का अध्ययन किया जाएगा। निरीक्षण के बाद टीम अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर डिजिटल स्टूडियो की स्थापना की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस पहल में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन कार्यरत ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसलटेंट इंडिया लिमिटेड का सहयोग लिया जा रहा है। इसी संस्था के सहयोग से तकनीकी अध्ययन और आवश्यकता का आकलन करने वाली टीम विश्वविद्यालय का दौरा करेगी।
विश्वविद्यालयों में स्टूडियो बनाने के साथ राज्य के सभी अंगीभूत कॉलेजों में एक-एक कक्षा को पूरी तरह इंटरैक्टिव स्मार्ट क्लासरूम के रूप में विकसित करने की भी तैयारी है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक के उपयोग से शिक्षण और सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
राज्य में डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है। बीबीएमकेयू में होने वाला निरीक्षण फिलहाल संसाधनों और जरूरतों के आकलन की प्रक्रिया है। तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद स्टूडियो तथा पॉडकास्ट रूम से संबंधित आगे की व्यवस्था तय की जाएगी।