साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड के सभी विद्यालयों में डिस्लेक्सिया जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम 22 अक्टूबर को शुरू हुआ था और 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पढ़ने-लिखने में कठिनाई से जुड़ी इस अधिगम अक्षमता के बारे में विद्यार्थियों, शिक्षकों और समुदाय के सदस्यों को जागरूक करना है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तरुण कुमार घाटी ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और सचिवों को इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र में निर्धारित अवधि के दौरान जागरूकता माह मनाने तथा विद्यालय स्तर पर अलग-अलग गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
जारी निर्देश में डिस्लेक्सिया को तंत्रिका तंत्र से जुड़ी अधिगम अक्षमता बताया गया है। यह मुख्य रूप से किसी व्यक्ति की पढ़ने, लिखने और शब्दों की सही वर्तनी लिखने की क्षमता को प्रभावित करती है। पत्र में कहा गया है कि दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत परिभाषित 21 प्रकार की दिव्यांगताओं में अधिगम अक्षमता भी शामिल है और डिस्लेक्सिया इसी का एक प्रकार है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थी शिक्षकों की सहायता से पोस्टर और बैनर तैयार कर उनका प्रदर्शन करेंगे। विद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली और ‘मुट्ठी तारे जमीं पर’ जैसी गतिविधियां भी बच्चों के साथ आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।
शिक्षकों को समुदाय के सदस्यों का उन्मुखीकरण करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके अतिरिक्त सभी विद्यालय पदयात्रा आयोजित करेंगे। विभागीय पत्र में पदयात्रा के दौरान बच्चों और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने विद्यालयों को कार्यक्रमों का सफल संचालन करने के साथ उनकी तस्वीरें और मीडिया कवरेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। अक्टूबर को विश्व स्तर पर डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के रूप में मनाए जाने के क्रम में बोरियो के विद्यालयों में ये गतिविधियां कराई जा रही हैं।