गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड कृषि कार्यालय में शनिवार को किसानों और ग्रामीणों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। बीटीएम राकेश कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कृषि ऋण, वित्तीय सुरक्षा तथा फसलों की देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारियां साझा की गईं।
शिविर में अग्रगति इंडिया के सीएफएल प्रखंड समन्वयक वीरेंद्र ठाकुर ने प्रधानमंत्री जन-धन खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के बारे में बताया। ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचने के उपायों की भी जानकारी दी गई।
किसान क्रेडिट कार्ड ऋण के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों पर विशेष रूप से चर्चा हुई। किसानों को बताया गया कि आवेदन पत्र के साथ केवाईसी दस्तावेज, आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक और भूमि से संबंधित कागजात देने होंगे। वर्तमान ऑनलाइन लगान रसीद और भूमि स्वामित्व प्रमाणपत्र भी जरूरी बताए गए।
आवेदन के लिए वंशावली तथा पासपोर्ट आकार की दो तस्वीरों की आवश्यकता की जानकारी भी दी गई। शिविर में बताया गया कि वंशावली का सत्यापन मुखिया, कर्मचारी और अंचल अधिकारी से कराया जाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान नए केसीसी ऋण के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर बीटीएम राकेश कुमार ने करीब 70 किसानों के बीच नैनो यूरिया और नीम आधारित कीटनाशक दवा वितरित की। किसानों को अलग-अलग फसलों में उर्वरक और दवाओं के उचित छिड़काव की विधि समझाई गई। साथ ही फसल सुरक्षा योजना से संबंधित जानकारी भी दी गई।
शिविर में किसान मित्र सुनील पासवान, दीपकलाल जायसवाल, पंचम शाह, सुनील रावत, प्रेम यादव, रविरंजन यादव और ब्रजेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का केंद्र किसानों को ऋण आवेदन की तैयारी से लेकर वित्तीय सुरक्षा और फसल प्रबंधन तक की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।