रांची के सुकुरहुटू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का विधिवत संचालन शुरू करने और ट्रांसपोर्टरों को परिसर आवंटित करने की मांग तेज हुई है। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को परिवहन सचिव राजीव रंजन से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया।
चैंबर ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के उद्घाटन के लगभग तीन वर्ष बाद भी संचालन शुरू नहीं हो पाया है। संगठन के अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य शहर में जाम का दबाव कम करना और परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाना था। संचालन लंबित रहने से शहर और परिवहन व्यवसाय को परियोजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने मौजूदा स्थिति में ही ट्रांसपोर्ट नगर को ट्रांसपोर्टरों को सौंपते हुए आवंटन और संचालन की प्रक्रिया प्रारंभ करने का सुझाव दिया। उन्होंने आवंटन, किराये और लीज की व्यवस्था को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर करने के लिए चैंबर, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने परिसर की व्यावहारिक जरूरतों का मुद्दा भी उठाया। चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि निर्धारित नियमों के तहत आवश्यक संशोधन की अनुमति मिलने से भारी वाहनों की आवाजाही, लोडिंग-अनलोडिंग, पार्किंग और वेयरहाउसिंग के अनुरूप परिसर का उपयोग किया जा सकेगा। सह सचिव अमित शर्मा और पूजा ढाढा ने दूसरे चरण के निर्माण की योजना तैयार करने से पहले ट्रांसपोर्टरों के सुझाव लेने का आग्रह किया।
परिवहन सचिव ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने नगर विकास विभाग के समन्वय से ट्रांसपोर्ट नगर का संयुक्त निरीक्षण कराने, उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करने और आवंटन प्रक्रिया की पहल करने की बात कही।
बैठक में राज्यस्तरीय परिवहन प्राधिकार में गैर-सरकारी सदस्यों की नियुक्ति का विषय भी रखा गया। चैंबर के अनुसार नियुक्ति नहीं होने से पिछले एक वर्ष से अंतरराज्यीय बस परमिट जारी कराने में परेशानी हो रही है। परिवहन सचिव ने बताया कि इससे संबंधित अधिसूचना जारी करने के लिए विभाग आवश्यक अनुशंसा कर चुका है।