रांची नगर निगम ने करीब 25 वर्षों से लंबित पारिवारिक पेंशन से जुड़े 118 मामलों का निष्पादन किया है। निगम को इस श्रेणी में कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें पात्रता, दस्तावेज और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद अधिकतर मामलों का नियमानुसार निपटारा कर दिया गया।
शेष 15 आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की कमी और अन्य कारणों से अस्वीकृत किए गए। लंबित प्रकरणों को आगे बढ़ाने के लिए पेंशन शाखा और स्थापना शाखा ने पुरानी फाइलों का विस्तृत परीक्षण किया। वर्षों पुराने अभिलेखों में उपलब्ध जानकारियों का मिलान भी किया गया।
जांच प्रक्रिया के दौरान संबंधित पेंशनधारियों और उनके परिजनों से व्यक्तिगत संपर्क किया गया। उनसे जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने के बाद आवेदनों का सत्यापन और रिकॉर्ड से मैपिंग की गई। इस प्रक्रिया का उद्देश्य प्रत्येक आवेदन की पात्रता और उससे जुड़े विवरण की पुष्टि करना था।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस कार्य की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त निकेश कुमार, कार्यालय अधीक्षक मनोज राय, लेखा पदाधिकारी अमित टोप्पो तथा पेंशन और स्थापना शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
निगम के पेंशनधारियों को मासिक पेंशन का भुगतान नियमित रूप से किए जाने की जानकारी भी दी गई है। समीक्षा के बाद अधिकारियों को पात्र लाभुकों का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि स्वीकृत मामलों में प्रक्रिया आगे बढ़ाने में अनावश्यक देरी न हो।
नगर निगम ने कहा है कि यदि कोई पात्र लाभुक अब तक पारिवारिक पेंशन से वंचित है तो वह आवेदन कर सकता है। ऐसे आवेदनों में निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जांच पूरी करने के बाद समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित शाखाओं को दिया गया है।