रांची में खेलो झारखंड का आगाज, 24 जिलों के करीब 1700 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

खेलगांव के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 शुरू हुआ। पहले दिन अंडर-17 दौड़ और हॉकी के मुकाबले आयोजित किए गए।

2 मिनट पढ़ें 4 बार पढ़ी गई
रांची के खेलगांव में आयोजित खेलो झारखंड प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में शामिल खिलाड़ी

रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय खेलो झारखंड 2026-27 प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इसमें झारखंड के सभी 24 जिलों से अंडर-17 आयु वर्ग के करीब 1700 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य स्कूलों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है।

उद्घाटन समारोह में एथलेटिक्स के लगभग 1100 और हॉकी के करीब 600 खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व कांके स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बैंड टीम ने किया। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके अनित उरांव ने प्रतिभागियों को खेल शपथ दिलाई। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित करने और गुब्बारे उड़ाने के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।

समारोह में खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। राज्य परियोजना निदेशक ने खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभाग खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास कर रहा है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से स्कूली स्तर की प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार उचित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने पर राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पहचान बना सकते हैं।

पहले दिन अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पृथ्वी उरांव ने पहला स्थान प्राप्त किया। माही कुमारी दूसरे और दिव्या कुमारी गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अनित उरांव पहले, श्रवण सिंह दूसरे और आकाश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र दिए गए।

हॉकी के अंडर-17 बालक वर्ग में खूंटी, गुमला, सिमडेगा और हजारीबाग की टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग के मुकाबले भी पहले दिन जारी रहे। उद्घाटन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ, झारखंड एथलेटिक्स संघ और हॉकी झारखंड से जुड़े पदाधिकारियों सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।