रांची नगर निगम ने शहर की सड़कों पर बिजली के खंभों से लटकते और बेतरतीब ढंग से लगाए गए इंटरनेट फाइबर केबल को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित कंपनियों को तीन दिनों की मोहलत दी है। पहले चरण में कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक केबल दुरुस्त किए जाएंगे। समयसीमा में निर्देश का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों, दूरसंचार अवसंरचना एजेंसियों, केबल ऑपरेटरों और बिजली विभाग के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें रिलायंस, ईडीआईपीएल, इंडस टावर, प्रोटो और बीएसएनएल सहित संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि कंपनियों को केबल व्यवस्थित करने के लिए पहले भी मौखिक और लिखित निर्देश दिए जा चुके हैं।
बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ कचहरी रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान बिजली के खंभों पर लटकते केबल की स्थिति देखी गई। निगम ने कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक सभी अव्यवस्थित फाइबर केबल अगले तीन दिनों में ठीक करने का निर्देश दिया है। इसके बाद दूसरे प्रमुख मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से ऐसी कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग केबल लगाने और उनके रखरखाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर रहा है। निगम की कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को सुव्यवस्थित करने के साथ शहर की सुंदरता बेहतर बनाना है। प्रस्तावित प्रक्रिया लागू होने के बाद बिजली के खंभों पर अनियंत्रित ढंग से केबल लगाने की समस्या पर नियंत्रण की उम्मीद जताई गई है।
दूसरी ओर, नगर निगम ने नई स्काईलिफ्टर मशीन की सहायता से पेड़ों की छंटाई भी शुरू कर दी है। इसके तहत सूखी, अनावश्यक और रास्ते में बाधा बनने वाली शाखाओं को जरूरत के अनुसार हटाया जा रहा है। शनिवार को मोरहाबादी फुटबॉल ग्राउंड के पास, भारत माता चौक, प्रेमसंस के निकट और कांके रोड पर छंटाई की गई।
उद्यानिकी से जुड़े काम की निगरानी के लिए गार्डन अधीक्षकों को वार्डवार जिम्मेदारियां दी गई हैं। अनुज को बड़ा तालाब और पिस्का, नितिका को धुर्वा तथा निवेदिता को कांके और डोरंडा क्षेत्र सौंपा गया है। ये अधिकारी अपने क्षेत्रों में पेड़ों के रखरखाव, उद्यानों की देखरेख, हरित क्षेत्रों के विकास और सौंदर्यीकरण संबंधी कार्यों की निगरानी करेंगे।